Home मध्य प्रदेश झाबुआ के आसमान में दिखे सेना के 4 माइक्रो लाइट विमान, 24...

झाबुआ के आसमान में दिखे सेना के 4 माइक्रो लाइट विमान, 24 दिन के रोमांचक अभियान पर निकली माउंटेन ईगल्स टीम

3
0
Jeevan Ayurveda

bplnews24:

झाबुआ
आसमान में चार छोटे विमान एक साथ उड़ते दिखाई दिए तो मध्य प्रदेश के झाबुआ शहर की निगाहें ठहर गईं। शनिवार को भारतीय सेना के चार माइक्रो लाइट विमान महू से उड़ान भरकर झाबुआ की गोपालपुरा हवाई पट्टी पर उतरे। इन विमानों के पायलट कोई सामान्य सफर नहीं कर रहे, बल्कि 24 दिन के रोमांचक हवाई अभियान पर निकले हैं।

Ad

'विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026' के तहत निकली सेना की माउंटेन ईगल्स टीम ने रिफ्यूलिंग के लिए यहां करीब एक घंटे का पड़ाव लिया। नाश्ते और तकनीकी तैयारियों के बाद चारों विमान वडोदरा के लिए फिर आसमान में उड़ गए। यह अभियान केवल हवाई यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय सेना के साहस, कौशल, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से गुजर रहा है। टीम 24 दिन की यात्रा पूरी कर 7 दिसंबर को वापस महू पहुंचेगी।

गोपालपुरा हवाई पट्टी पर उतरे चारों माइक्रो लाइट विमान आकार में भले छोटे हों, लेकिन इनकी उड़ान क्षमता और तकनीकी खूबियां इन्हें खास बनाती हैं। सभी विमानों में रोटैक्स इंजन लगे हैं। इनकी क्रूज स्पीड 95 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक है और ये पांच से छह घंटे तक लगातार उड़ान भर सकते हैं।

समुद्र के ऊपर उड़ान
माउंटेन ईगल्स टीम के सदस्य मनकंवल जीत ने बताया कि वडोदरा के बाद अभियान स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से होते हुए गुजरात के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा। टीम दीव, पोरबंदर और जामनगर होते हुए समुद्र के ऊपर से उड़ान भरकर मुंद्रा और भुज पहुंचेगी। भुज में दो दिन का पड़ाव रहेगा, जहां एयर शो भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद गांधीधाम में गुजरात-अमृतसर हाईवे पर माइक्रो लाइट विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ का ट्रायल किया जाएगा। इसी हाईवे पर रिफ्यूलिंग भी होगी। टीम के अनुसार, एयरफोर्स के फाइटर जेट पहले हाईवे पर ऐसे ट्रायल कर चुके हैं, लेकिन छोटे माइक्रो लाइट विमानों के साथ इस तरह का प्रयोग विशेष महत्व रखता है।

ऐतिहासिक स्मारक और धार्मिक स्थलों के ऊपर से उड़ान
इस अभियान का रूट रोमांच के साथ देश की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता को भी समेटे हुए है। महू से शुरू हुई यात्रा मालवा और धार के आसमान से होते हुए झाबुआ पहुंची। इसके बाद गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, द्वारका और सोमनाथ जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के ऊपर से उड़ान भरी जाएगी। जामनगर से मुंद्रा के बीच समुद्र के ऊपर उड़ान इस अभियान का सबसे रोमांचक पड़ाव होगा। वापसी में टीम राजस्थान और मध्यप्रदेश के रास्ते खजुराहो के प्राचीन मंदिरों, सागर, भोपाल और उज्जैन के ऊपर से उड़ान भरते हुए महू स्थित सैन्य बेस पहुंचेगी। 7 दिसंबर को अभियान का समापन होगा।

युवाओं को आसमान छूने का हौसला देना है मकसद
माउंटेन ईगल्स टीम के लीडर बिरेंदर सिंह ने बताया कि अभियान का ध्येय वाक्य 'सोअरिंग टू द ब्लेज ऑफ ग्लोरी' है। इसका उद्देश्य भारतीय सेना की साहसी, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण छवि को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से युवाओं को एयरो स्पोट्र्स और साहसिक गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नए कौशल और टीम भावना विकसित करने का संदेश दिया जा रहा है।

अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षित लैंडिंग
गोपालपुरा हवाई पट्टी पर विमानों की लैंडिंग के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, एसडीएम महेश मंडलोई, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह भदौरिया, आरसी भास्करे और ट्रैफिक प्रभारी रोहित निकम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। करीब एक घंटे के विश्राम और रिफ्यूलिंग के बाद चारों विमान अपने अगले पड़ाव वडोदरा के लिए रवाना हो गए।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here