Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को मिला वैश्विक मंच, जियोहॉटस्टार पर दुनिया देख रही...

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को मिला वैश्विक मंच, जियोहॉटस्टार पर दुनिया देख रही हर मुकाबला

6
0
Jeevan Ayurveda

bplnews24:

रायपुर

Ad

 छत्तीसगढ़ की हॉकी अब रायपुर के मैदान से निकलकर दुनिया तक पहुंच रही है। राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने प्रदेश के खेल जगत को नया मंच दिया है। लीग के सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के साथ देश-दुनिया के दर्शक भी यहां खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई लीग 1 नवम्बर तक चलेगी। हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों और ओलंपियनों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रतियोगिता के जरिए छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस हॉकी लीग का रोमांच केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं है। जियोहॉटस्टार पर प्रत्येक मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से प्रदेश में आयोजित इस प्रतियोगिता को वैश्विक स्तर पर देखने की सुविधा मिल रही है। लीग के ब्रांड एम्बेसडर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, ओलंपियन और दिग्गज खिलाड़ी श्री सरदार सिंह हैं। वे यहां मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। लीग में ओलंपियन खिलाड़ियों की भागीदारी और उनके नेतृत्व में टीमों के बीच हो रहे मुकाबलों ने प्रतियोगिता को विशेष आकर्षण दिया है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से के मुख्य आतिथ्य और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल तथा युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में शुरुआती मुकाबलों से ही खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने पहले दिन ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में केतन कुशवाहा को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

महिला हॉकी को बढ़ावा देने पहले दिन हुआ महिला टीमों का मुकाबला

लीग के के पहले दिन 22 अक्टूबर को महिला हॉकी खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला गया। इसमें इंद्रावती टाइग्रेस ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। महिला खिलाड़ियों के इस मुकाबले ने भी प्रतियोगिता में विशेष आकर्षण जोड़ा।

29 अक्टूबर तक रोज दो मैच होंगे, 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल्स और 1 नवम्बर को फाइनल मैच

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में लगातार रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला चलेगा। 23 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स आमने-सामने होंगे। इसी दिन शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। 24 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे राजधानी रॉयल्स का सामना चक्रधर चैम्पियन्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स भिड़ेंगे।

25 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। 26 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसी दिन शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच भिड़ंत होगी।

27 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला चक्रधर चैम्पियन्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे। 28 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा। शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और बैलाडीला बुल्स भिड़ेंगे। लीग चरण के 29 अक्टूबर को होने वाले मुकाबलों में शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स तथा शाम 7:30 बजे चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

30 अक्टूबर को सभी टीमों के विश्राम के बाद अगले दिन 31 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए चार टीमों के बीच सेमीफाइनल खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 5:30 बजे तथा दूसरा सेमीफाइनल शाम 7:30 बजे से होगा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर को शाम 5:30 बजे लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगिता में भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी और प्रत्येक मुकाबले के वैश्विक लाइव प्रसारण से छत्तीसगढ़ की हॉकी को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है। प्रदेश के खेलप्रेमियों के साथ दुनियाभर के दर्शक जियोहॉटस्टार पर इन मुकाबलों को लाइव देख सकते हैं। राज्य स्थापना दिवस पर होने वाले फाइनल के साथ छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 का समापन होगा।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here