bplnews24:
कोरबा.
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग किसी भी हद तक चले जाते हैं. छत्तीसगढ़ के कोरबा से वीडियो सामने आया है, जिसमें युवतियां चलती कार में स्टंटबाजी करते हुए नजर आ रही है. वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी थाना इलाके के रविशंकर नगर का है. गरबा के लिए सजी सड़क पर काली कार के बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर डांस करती रही हैं. इस तरह का स्टंट न केवल युवतियों के लिए, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है. वीडियो में काले रंग की कार (क्रमांक सीजी 12 बीवी 6007) के दरवाजों और बोनट पर कुछ महिलाएं लटककर डांस करते नजर आई हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो में एक कैप्शन भी लिखा गया है, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो.” हालांकि, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.
पुलिस ने दर्ज की FIR, वैधानिक कार्रवाई जारी
कोरबा के एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच की. वाहन के पंजीयन के आधार पर मालिक की पहचान की गई, जिसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है.










