Home खेल CWG 2026: हरजिंदर का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, गुलवीर की ऐतिहासिक दौड़; भारत ने...

CWG 2026: हरजिंदर का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, गुलवीर की ऐतिहासिक दौड़; भारत ने जीते दो और सिल्वर मेडल

4
0
Jeevan Ayurveda

नई दिल्ली

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है. मंगलवार को वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के रनर गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों में सिल्वर मेडल जीते. वहीं, भारतीय बॉक्सरों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम तीन और मेडल पक्के कर दिए। 

Ad

भारत फिलहाल पदक तालिका में नौवें स्थान पर है. उसके खाते में अब तक दो गोल्ड, 7 सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज समेत कुल 12 मेडल हैं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया 33 गोल्ड, 17 सिल्वर और 27 ब्रॉन्ज सहित कुल 77 मेडल्स के साथ पदक तालिका में सबसे ऊपर बना हुआ है। 

महिलाओं के 69 किलो ग्राम वर्ग में 29 वर्षीय वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. 4 साल पहले बर्मिंघम खेलों (71 KG) में कांस्य जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता. यह इन खेलों में भारत का वेटलिफ्टिंग में 7वां मेडल है। 

महज 5 फीट 3 इंच की हरजिंदर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में दो-दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा. उन्होंने स्नैच में पहले 99 किलोग्राम और फिर अंतिम प्रयास में 101 किलोग्राम वजन उठाया। 

इसके बाद क्लीन एंड जर्क में हरजिंदर ने 123 किलोग्राम वजन उठाया और फिर 126 किलोग्राम के साथ अपना कुल स्कोर 227 किलोग्राम तक पहुंचाया. हालांकि, कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 किलोग्राम स्नैच और 132 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क के साथ कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने हरजिंदर से 13 किलोग्राम अधिक वजन उठाया। 

गुलवीर सिंह ने भी रचा इतिहास
इसके कुछ ही मिनट बाद गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया. वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पोडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने. लगातार बारिश और पानी से भरे ट्रैक के बावजूद गुलवीर ने शानदार धैर्य दिखाया। 

उन्होंने शुरुआत से ही अग्रणी रनर्स के साथ बने रहते हुए आखिरी दौर में तेज रफ्तार पकड़ी और मेडल की दौड़ में जगह बनाई. गुलवीर ने 27:49.78 का समय निकाला और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन से सिर्फ 0.85 सेकंड पीछे रहे. रॉबिन्सन ने 27:48.93 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। 

400 मीटर स्प्रिंट के सेमीफाइनल में पहुंचे विशाल टीके
एथलेटिक्स में भारत के नेशनल रिकॉर्डधारी 22 वर्षीय विशाल टीके ने भी पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बनाई. उन्होंने 46.49 सेकंड का समय निकालकर अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया. 400 मीटर के सेमीफाइनल मुकाबले 30 जुलाई को होंगे। 

बॉक्सिंग में भी तीन मेडल पक्के
बॉक्सिंग में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा. एशियाई चैंपियन प्रिया घंघास, एशियाई खेलों की ब्रॉन्ज मेडल विनर प्रीति पवार और जादुमनी सिंह ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और भारत के लिए कम से कम तीन ब्रॉन्ज मेडल पक्के कर दिए। 

प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम वर्ग में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया. वहीं, प्रिया ने 60 किलोग्राम वर्ग में मेजबान खिलाड़ी नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी. जादुमनी ने पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जाम्बिया के मवेंगो मवाले को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 

हालांकि, परवीन हुड्डा को इंग्लैंड की साचा हिकी के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा. वहीं, पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में कपिल पोखरिया भी अपना मुकाबला हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here