Home मध्य प्रदेश यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप–2026 के लिए हुआ चयन, 20 से 25 जुलाई...

यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप–2026 के लिए हुआ चयन, 20 से 25 जुलाई तक ओमान में होगी प्रतियोगिता

2
0
Jeevan Ayurveda

भोपाल

मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पुरुष वर्ग में आयुष रजक (गोलकीपर) एवं करण गौतम तथा महिला वर्ग में महक परिहार (गोलकीपर) एवं नौशीन नाज़ (फॉरवर्ड) का भारतीय टीम में चयन यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप–2026 के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 25 जुलाई 2026 तक मस्कट, ओमान में आयोजित होगी।

Ad

पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में मध्यप्रदेश की दमदार मौजूदगी

पुरुष वर्ग की भारतीय टीम में आयुष रजक और करण गौतम का चयन प्रदेश की मजबूत हॉकी संरचना एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। वहीं महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ की जगह भारतीय टीम में बनना यह दर्शाता है कि मध्यप्रदेश की बेटियां भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

प्रदेश के लिए गौरव, देश के लिए उम्मीद

चारों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की खेल प्रतिभाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और विश्वास दिलाती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण से विश्व मंच तक पहुंचना संभव है।

U-18 एशिया कप की सफलता के बाद अब हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप में नई चुनौती

भारतीय टीम में चयनित इन खिलाड़ियों ने हाल ही में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित U-18 एशिया कप-2026 में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया था। पुरुष वर्ग में आयुष रजक और करण गौतम उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे, जिसने फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर एशिया का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ ने भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से नौशीन नाज़ ने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। U-18 एशिया कप में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब यही खिलाड़ी मस्कट में आयोजित होने वाली यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम से एक बार फिर स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीदों के साथ उतरेंगे।

मंत्री  सारंग ने दी शुभकामनाएं

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय टीम में चयनित प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की खेल अकादमियां लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही हैं। आयुष रजक, करण गौतम, महक परिहार एवं नौशीन नाज़ का भारतीय टीम में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी मस्कट, ओमान में आयोजित यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप–2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे तथा नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here