bplnews24:
कवर्धा.
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में मिली सफलता के बाद अब बस्तर में तैनात केंद्रीय सुरक्षाबलों की वापसी शुरू हो गई है। बस्तर में लंबे समय से तैनात CRPF के जवानों को दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक हजार से अधिक जवानों को मणिपुर भेजा जा रहा है।
वहीं, आने वाले एक महीने में कुछ और बटालियनों की भी बस्तर से वापसी हो सकती है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब केंद्रीय सुरक्षाबलों की पहले जैसी आवश्यकता नहीं रह गई है। राज्य में बदली परिस्थितियों को देखते हुए बस्तर में तैनात जवानों को दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा है।
पहले भी दूसरे राज्यों में भेजे जा चुके हैं जवान
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर से सुरक्षाबलों के जवानों को दूसरे स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया पहले भी जारी रही है। अब नक्सल विरोधी अभियान में मिली सफलता और सुरक्षा परिस्थितियों में आए बदलाव के आधार पर फोर्स की तैनाती में आवश्यक फेरबदल किया जा रहा है। बता दें कि बस्तर में लंबे समय तक नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में CRPF और अन्य सुरक्षा बलों की अहम भूमिका रही है। अब नक्सली गतिविधियों में कमी के बीच सुरक्षाबलों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है। आने वाले दिनों में कुछ और बटालियनों की वापसी से बस्तर में सुरक्षा बलों की मौजूदगी के स्वरूप में बदलाव देखने को मिल सकता है।










