
रायपुर
हाथकरघा विपणन संघ सचिव को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को स्व सहायता समूहों से जुड़ी दर्जनों महिलाओं ने बूढ़ापारा में धरना-प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि संघ के अधिकारी कमीशन के चलते महिला समूहों को गणवेश सिलाई का काम देने में भेदभाव कर रहे हैं, जिससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है।
महिला स्वयं सहायता समूह संगठन की अध्यक्ष शोभा ठाकुर, सचिव शीतला ठाकुर व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि अपनी इस मांग को लेकर उन सभी ने पिछले दिनों धरना प्रदर्शन किया था। भूख हड़ताल पर भी बैठी रहीं। राज्यपाल के आश्वासन पर उनकी यह हड़ताल समाप्त हुई थी। दूसरी तरफ महिलाओं से दुर्व्यवहार, शोषण की शिकायत महिला आयोग में की गई थी, लेकिन अधिकारी अभी तक पद पर बने हुए हैं।
उनका कहना है कि कमीशन के चलते समूहों को गणवेश सिलाई का काम देने में लगातार भेदभाव करने से उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। कई समूहों को बहुत काम मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि गड़बड़ी करने वाले अधिकारी को ना हटाने पर वे सभी आगे की रणनीति बनाने मजबूर होंगी।