
बिलासपुर
दीपावली को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारू रूप से बनाये रखने के लिये जिले के पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल ने शहर के यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों को देखते हुए क्षेत्रानुसार पांच बाईक सवार पेट्रोलिंग टीमों का गठन कर उन्हें शहर में यातायात को सुगम बनाये रखने की जवाबदारी सौंपी यातायात लिंक रोड,यातायात कोतवाली ,यातायात सरकंडा ,यातायात मंगला यातायात तिफरा टीम का गठन किया गया।
थाना क्षेत्र हेतु महत्वपूर्ण बीट का विभाजन करते हुए 14 यातायात मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया। साथ ही इस अवसर पर उन्होंने पेट्रोलिंग टीम के उप निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक प्रधान आरक्षक एवं आरक्षको से सीधे बात करते हुए पेट्रोलिंग पार्टी के गठन व कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आप अपने बीट में लगातार पेट्रोलिंग करें तथा दुकानदारों द्वारा आम रास्तों पर सामान आदि फैलाने की प्रवृत्ति पर रोक हेतु उन्हें समझाइश देवें। आम रास्तों पर लगने वाले ठेले रिक्शा आॅटो रिक्शा को व्यवस्थित कराने एवं नो पार्किंग में हम रॉन्ग पार्किंग पर नोटिस चस्पाकर वीकल्स लॉक जैसी प्रभावी कार्यवाही की जावे।
बीट के बाजार परीक्षेत्र के भीड़ वाले चौक-चौराहों एवं मार्गों पर पीक आवर में लगातार पेट्रोलिंग करते हुए , यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें, साथ ही साथ समय-समय पर यातायात के प्रभारी अधिकारी के माध्यम से पेट्रोलिंग ड्यूटी के संबंध में उन्हें जानकारी दिए जाने की बात उन्होंने कही। इस तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रोहित कुमार बघेल ने बताया कि- शहर यातायात प्रबंध व्यवस्था में अपेक्षित सुधार लाए जाने हेतु यातायात के पांचों थानों में बीट प्रणाली लागू करते हुए क्रमश: थाना यातायात लिंक रोड मे 3, थाना यातायात कोतवाली में 4, यातायात सरकंडा में 2,यातायात मंगला में 3, यातायात तिफरा में 2 कुल 14 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया है। जिन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के निदेर्शानुसार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु ड्यूटी संबंधी दायित्व सौपा गया । बिलासपुर शहर की सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के संचालन हेतु यातायात मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम के गठन से शहर यातायात व्यवस्था में सुधार परिलक्षित होगा। समय-समय पर पेट्रोलिंग टीम के कार्य एवं क्षेत्रों का पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण यातायात के प्रभारी अधिकारियों द्वारा किया जाएगा ताकि पेट्रोलिंग पार्टी के कार्यों मे आवश्यकतानुसार सुधार किया जा सके।