राजनीति
जेपी नड्डा ने बलिया की घटना को लेकर विधायक सुरेंद्र सिंह के बयानों पर नाराजगी जताई, जांच से दूर रहने की हिदायत

नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बलिया की घटना को लेकर विधायक सुरेंद्र सिंह के बयानों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से बात की है। उन्होंने पार्टी के यूपी प्रमुख से कहा कि वह विधायक सुरेंद्र सिंह को यह बताएं कि वे जांच से दूर रहें। इससे पहले बलिया के बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के सामने अपना पक्ष रखा। बलिया के दुर्जनपुर गांव में 15 अक्तूबर को हुई हत्या के आरोपी युवक धीरेंद्र सिंह का खुलेआम समर्थन करने के मामले में उन्हें अनुशासनहीनता व बेतुके बयान देने पर लखनऊ तलब किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, विधायक सुरेंद्र सिंह का बैरिया में रविवार को कार्यक्रम भी था। उन्हें लखनऊ में भाजपा मुख्यालय से फोन कर बुलाया गया। साथ ही उनके आपत्तिजनक बयान देने पर सवाल-जवाब भी हुआ। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव से मिलने सुरेंद्र सिंह रविवार की शाम को लखनऊ पहुंचे। पार्टी के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उन्होंने पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री सुनील बंसल से मुलाकात कर पूरे मामले में अपना पक्ष रखा।